नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और पूर्व पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के प्रतिष्ठित सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया। सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद सोमवार को उन्हें अस्पताल लाया गया।
अस्पताल प्रशासन की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक सोनिया गांधी की हालत स्थिर है और वह इलाज के प्रति अच्छी प्रतिक्रिया दे रही हैं।
डॉक्टरों ने क्या बताया?
सर गंगा राम अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि विस्तृत जांच में यह सामने आया है कि दिल्ली में बढ़ती ठंड और प्रदूषण के संयुक्त असर के कारण सोनिया गांधी का ब्रोंकियल अस्थमा कुछ बढ़ गया था।
उन्होंने कहा कि एहतियातन उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में भर्ती किया गया है। फिलहाल उन्हें एंटीबायोटिक्स और सहायक दवाएं दी जा रही हैं।
डॉ. स्वरूप के अनुसार, इलाज कर रहे चिकित्सक उनकी क्लिनिकल स्थिति के आधार पर डिस्चार्ज का फैसला लेंगे और संभव है कि एक-दो दिन में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल जाए।
डॉक्टरों की निगरानी में सोनिया गांधी
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी पूरी तरह होश में हैं और उनकी तबीयत में लगातार सुधार देखा जा रहा है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है।
वोटर लिस्ट विवाद मामले की सुनवाई टली
इसी बीच सोनिया गांधी से जुड़े मतदाता सूची विवाद मामले में भी अहम अपडेट सामने आया है।
दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट में इस मामले की सुनवाई होनी थी, लेकिन सोनिया गांधी की ओर से जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगे जाने के बाद अदालत ने सुनवाई टाल दी।
अगली सुनवाई कब?
कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 7 फरवरी की तारीख तय की है। सोनिया गांधी की तरफ से अदालत को बताया गया कि रिवीजन पिटीशन पर विस्तृत जवाब तैयार करने के लिए और समय की जरूरत है।
यह याचिका अधिवक्ता विकास त्रिपाठी द्वारा दाखिल की गई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि सोनिया गांधी ने भारतीय नागरिकता प्राप्त करने से पहले मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराया था।
सोनिया गांधी की तबीयत फिलहाल स्थिर है और डॉक्टरों के मुताबिक चिंता की कोई गंभीर बात नहीं है। वहीं दूसरी ओर वोटर लिस्ट विवाद से जुड़े मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है, जिसकी अगली सुनवाई 7 फरवरी को होगी। देशभर की नजरें उनकी सेहत और इस केस के आगे के घटनाक्रम पर बनी हुई हैं।

