गोंडा में दुर्गाष्टमी पर भारी भीड़, नेपाल से श्रद्धालु पहुंचे; ड्रोन से निगरानी, सुरक्षा चाक-चौबंद

गोंडा: चैत्र नवरात्रि के आठवें दिन गोंडा जिले के देवी मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। तड़के 5 बजे से ही श्रद्धालु “जय माता दी” के जयघोष के साथ मंदिरों की ओर उमड़ने लगे। जिले के प्रसिद्ध शक्ति स्थलों पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला।

मां बाराही देवी मंदिर में नेपाल से पहुंचे श्रद्धालु
उमरीबेगमगंज स्थित 34वीं शक्तिपीठ मां बाराही देवी मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिनमें नेपाल से आए भक्तों की भी बड़ी भागीदारी रही। भक्तों ने मां महागौरी की पूजा-अर्चना की, नारियल, चुनरी और फूल अर्पित किए और मन्नतें मांगी।

मां खैरा भवानी मंदिर में मुंडन संस्कार
खैरा कुंभ नगर स्थित मां खैरा भवानी मंदिर में श्रद्धालु सिर्फ दर्शन के लिए ही नहीं आए, बल्कि बच्चों के मुंडन संस्कार भी करवा रहे हैं। वहीं नगर कोतवाली के सामने स्थित मां काली भवानी मंदिर में भी हजारों की भीड़ उमड़ी।

सुरक्षा के खास इंतज़ाम, ड्रोन से निगरानी
जिले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि सभी प्रमुख मंदिरों पर वर्दीधारी और सादी वर्दी में पुलिस बल तैनात है। पीएसी के जवान लगातार गश्त कर रहे हैं और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि माहौल खराब करने या अफवाह फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top