गोंडा में सड़क और रेल हादसों ने ली तीन की जान, तीन घायल | मासूम बेटी की मौत से माता-पिता बेसुध

मनकापुर (गोंडा): गोंडा जनपद में गुरुवार का दिन कई परिवारों के लिए दर्द और सदमे से भरा रहा। एक ओर सड़क हादसों ने दो जिंदगियां निगल लीं, वहीं रेलवे ट्रैक पर एक युवक की मौत हो गई। इसके अलावा तीन लोग सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल हो गए।

माता-पिता के सामने डंपर से कुचलकर मासूम की मौत

मनकापुर-नवाबगंज मार्ग पर रुदापुर के पास गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। पांच वर्षीय मासूम रूही की डंपर से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उसके माता-पिता की आंखों के सामने हुआ, जिससे दोनों बदहवास हो गए।

मनकापुर गांव निवासी रामचेत, जो एक बिजली मिस्त्री हैं, अपनी पत्नी गुड़िया और बेटी रूही के साथ बाइक से ससुराल चंदहा चाई पुरवा (वजीरगंज) जा रहे थे। रुदापुर के पास रामचेत ने बाइक खड़ी कर लघुशंका के लिए रुकाव किया, तब पत्नी और बेटी सड़क किनारे खड़े थे। तभी नवाबगंज की ओर से आ रहे कोयला लदे तेज रफ्तार डंपर ने रूही को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। कोतवाली मनकापुर के प्रभारी मनोज कुमार पाठक ने बताया कि डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। मृतक रूही चार बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी।

सड़क हादसे में सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत

पसका क्षेत्र के सेमरी पदारथपुरवा निवासी 72 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक राम नारायण पांडेय बुधवार की शाम एक शादी समारोह में शामिल होने साइकिल से मोकलपुर जा रहे थे। माधवपुर राय टावर के पास अज्ञात चार पहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल राम नारायण को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके परिवार में पत्नी उर्मिला, बेटे संतोष, अजय, श्रीकृष्ण और दो बेटियां हैं।

रेलवे ट्रैक पर युवक की संदिग्ध मौत

मोतीगंज क्षेत्र में झिलाही रेलवे स्टेशन के पास पंडित पुरवा निवासी मुन्नालाल चौहान (20) की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। इंस्पेक्टर अनीता यादव के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, जिसका कारण घरेलू कलह बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

सड़क हादसों में तीन घायल

गौरिया के पूर्व प्रधान लक्ष्मण सिंह के अनुसार चौधरी पुरवा निवासी विजय बहादुर और मंशाराम कटरा बाजार जा रहे थे, तभी सेल्हरी मंडप गांव के पास बाइक फिसलने से घायल हो गए। वहीं दास पुरवा के दक्षराज को चरेरा जाते समय अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह भी घायल हो गए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top