पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का बयान: झूठे आरोपों की लड़ाई में बना हूं रोल मॉडल, पूरा देश इस धारा से परेशान

गोंडा : गोंडा जिले की कैसरगंज लोकसभा सीट से पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने यौन शोषण के आरोपों पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वह इस लड़ाई में केवल अपने लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के उन युवाओं, संतों, अधिकारियों, व्यापारियों और विद्यार्थियों की आवाज बन गए हैं जो झूठे आरोपों और कानून के दुरुपयोग से पीड़ित हैं।

“पूरे देश में कानून के दुरुपयोग से लोग परेशान हैं”

बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, “आज पूरा देश इस धारा से परेशान है। इसका दुरुपयोग हो रहा है। लोग इसे हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। मैंने लड़कर लोगों को एक रास्ता दिखाया है। अब लोग झूठे आरोपों के सामने हार नहीं मानते, बल्कि मुकाबला करते हैं।”

आरोपों पर दी सफाई: “जिस दिन का आरोप है, उस दिन मैं दिल्ली में था ही नहीं”

अपने ऊपर लगे आरोपों का खंडन करते हुए बृजभूषण ने कहा कि एक महिला ने जिस तारीख को उन पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया, उस दिन वह दिल्ली में मौजूद ही नहीं थे। वहीं दूसरी शिकायतकर्ता ने कहा था कि रात 11 बजे मुलाकात हुई थी, जबकि उसी रात वह 2 बजे सर्बिया के लिए रवाना हो चुके थे। उन्होंने स्पष्ट कहा, “यह मेरी लड़ाई थी और मैं अपनी लड़ाई लड़ रहा हूं। न्यायपालिका पर मेरा पूरा भरोसा है।”

“आरएसएस और भाजपा से कोई शिकायत नहीं”

बृजभूषण ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें इस बात का कोई दुख नहीं है कि इस संघर्ष में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) या भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने प्रत्यक्ष रूप से हस्तक्षेप नहीं किया। उन्होंने कहा, “मेरे साथ पूरा देश खड़ा है, यही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।”

गोंडा के आंकड़ों का हवाला: “हर महीने दर्ज होते हैं 23 मुकदमे”

पूर्व सांसद ने गोंडा जिले के एक अधिकारी का हवाला देते हुए कहा कि यहां हर महीने औसतन 23 मुकदमे दर्ज होते हैं, जिनमें से अधिकांश में सच्चाई सबको पता होती है। उन्होंने कहा, “पहले समाज ऐसे मामलों में मुंह मोड़ लेता था, लेकिन अब मैंने सबको रास्ता दिखा दिया है कि झूठे आरोप लगें तो रोने के बजाय डटकर लड़ना चाहिए।”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top