गोंडा। जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के कटरा शिवदयालगंज गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। देर रात शराब के नशे में छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 12 बजे 29 वर्षीय अलगू चौहान और उसका छोटा भाई जगन चौहान घर पर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने लकड़ी के डंडे से बड़े भाई के सिर पर वार कर दिया।
हमले के बाद अलगू चौहान मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। उस समय घर पर परिवार का कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। घटना की जानकारी तब हुई जब रास्ते से गुजर रहे ग्राम प्रधान ने घर के अंदर शोर सुनकर देखा तो अलगू खून से लथपथ पड़ा था। उन्होंने तुरंत मृतक की मां अंदेशा कुमारी, जो पास ही कटरा कुटी पर कथा सुनने गई थीं, को सूचना दी।
मां के पहुंचने पर अलगू मृत पाया गया। इसके बाद गांव वालों ने नवाबगंज पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने छोटे भाई जगन चौहान के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपी वारदात के बाद से फरार है।
थाना प्रभारी अभय सिंह ने बताया कि,
“पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की तलाश में टीमों का गठन किया गया है। बहुत जल्द उसे गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।”
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक अलगू चौहान की शादी तीन साल पहले हुई थी, लेकिन शराब की लत के कारण उसकी पत्नी एक साल बाद ही उसे छोड़कर मायके चली गई थी। इसके बाद से वह अक्सर अपने छोटे भाई के साथ शराब पीने का आदी हो गया था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच पहले भी झगड़े हो चुके थे, लेकिन इस बार बात इतनी बढ़ गई कि छोटे भाई ने गुस्से में आकर यह खौफनाक कदम उठा लिया।

