अमघटी (मनकापुर), गोंडा। मनकापुर क्षेत्र के राजकीय हाई स्कूल, मछली गांव में छात्रों के भविष्य को दिशा देने के उद्देश्य से एक भव्य करियर मेला एवं करियर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक (शस्य विज्ञान) डॉ. रामलखन सिंह ने फीता काटकर किया।
डॉ. रामलखन सिंह ने छात्रों को कृषि क्षेत्र में रोजगार की व्यापक संभावनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि, बीज उत्पादन, एग्री-बिजनेस, डेयरी, बागवानी और कृषि अनुसंधान जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए अच्छा भविष्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन और नियमित अध्ययन को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुधीर कुमार ने छात्रों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसके अनुसार निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सही दिशा में की गई तैयारी ही सफलता की कुंजी है। करियर हब की नोडल अधिकारी श्रीमती अंजलि गुप्ता के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न करियर विकल्पों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। विद्यार्थियों ने फ्लेक्स बोर्ड और चार्ट पेपर के माध्यम से कृषि, पुलिस, सेना, चिकित्सा, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों की जानकारी प्रस्तुत की।
वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती उषा यादव ने विद्यार्थियों को अनुशासन का महत्व बताया, वहीं राजकीय इंटर कॉलेज तालागंज ग्रंट के प्रधानाचार्य रामचंद्र यादव ने समय पालन को विद्यार्थी जीवन की सबसे बड़ी ताकत बताया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश पुलिस की उप निरीक्षक रुचि गौतम और महिमा तिवारी ने पुलिस विभाग में भर्ती प्रक्रिया, योग्यता और शारीरिक मानकों की जानकारी दी। उन्होंने मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत महिला सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं और संबंधित साहित्य का निःशुल्क वितरण किया।
कार्यक्रम में पूर्व माध्यमिक विद्यालय मछली गांव के शिक्षक-शिक्षिकाओं श्रीमती राजश्री, राकेश यादव, विनोद कुमार मिश्रा और श्रीमती वंदना यादव ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। ग्राम प्रधान दिनेश शर्मा उर्फ लाल साहब की उपस्थिति में कार्यक्रम और भी उत्साहपूर्ण रहा।
करियर मेले में छात्र अभिषेक, सचिन, रोहित, शिवा, अंशु, जया, मधु और नंदिनी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और अपने भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ शिक्षक श्री रामपलट द्वारा किया गया।
राजकीय हाई स्कूल मछली गांव में आयोजित करियर मेला छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हुआ। इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों की स्पष्ट जानकारी मिली, जिससे वे अपने भविष्य की बेहतर योजना बना सकेंगे।

