गोंडा। सोशल मीडिया पर नकली असलहों के साथ धमकी भरे गानों पर रील बनाकर रौब जमाने की कोशिश करना गोंडा जिले के चार युवकों को भारी पड़ गया। नवाबगंज थाना पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से नकली हथियार भी बरामद किए हैं।
यह मामला नवाबगंज थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव का है। पुलिस के अनुसार, शाहपुर निवासी ताहिर ने अपने तीन अन्य साथियों—अंश मिश्रा (निवासी बस्ती), मोहसिन और दिग्विजय पांडेय के साथ मिलकर एक बसपा नेता की गाड़ी के पास खड़े होकर फिल्मी और धमकी भरे गाने पर नकली असलहों के साथ रील बनाई थी।
सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल
आरोपियों द्वारा बनाई गई यह रील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। वीडियो में युवक नकली हथियार लहराते हुए गाने के बोल
“नाम हम झगड़ा चाहित हय, जो जो हमसे ढेर बोलत हय, सीधय बंदूक दगीत हय”
का इस्तेमाल करते नजर आ रहे थे, जिससे लोगों में भय और गलत संदेश फैल रहा था।
नकली हथियार बरामद
पुलिस ने चारों आरोपियों के पास से दो एयर गन और एक नकली प्लास्टिक पिस्टल बरामद की है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने यह रील रौब जमाने और लोगों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से बनाई थी।
बसपा नेता के यहां करते थे काम
पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी मनकापुर के बसपा नेता अब्दुल राजिक उस्मानी के यहां काम करते हैं। रील बनाने में इस्तेमाल की गई एयर गन उस्मानी के घर की बताई जा रही है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
नवाबगंज थाना अध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर शांति भंग की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भविष्य में इस तरह की हरकत करने पर आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि समाज में भय और अराजकता फैलाने वाली गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस सख्ती से पेश आएगी।
सोशल मीडिया पर नकली हथियारों के साथ रील बनाकर खुद को दबंग दिखाने की कोशिश करने वालों के लिए गोंडा पुलिस की यह कार्रवाई एक सख्त चेतावनी है। वायरल होने की चाह में कानून तोड़ने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है और ऐसी गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।



