लापरवाही पर CDO का सख्त एक्शन: बैठक से नदारद अधिकारियों का वेतन रोका, जवाब तलब

गोंडा। गोंडा जिले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अंकिता जैन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार देर शाम विकास भवन सभागार में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान कई अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।

सीडीओ ने बैठक में साफ निर्देश दिए कि राशन कार्ड धारकों और प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को अनिवार्य रूप से स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जोड़ा जाए। उन्होंने कार्य में शिथिलता बरतने पर सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक से अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई

समीक्षा बैठक से बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने पर विकास खंड कटरा बाजार के सहायक विकास अधिकारी का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। वहीं, इसी विकास खंड के खंड विकास अधिकारी की गैरहाजिरी पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए उनसे स्पष्टीकरण तलब किया है।

खराब प्रगति पर वेतन/मानदेय अवरुद्ध

राशन कार्ड लाभार्थियों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने में खराब प्रगति पाए जाने पर कर्नलगंज, बभनजोत, रूपईडीह और कटरा बाजार विकास खंडों के सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) एवं संबंधित ब्लॉक मिशन प्रबंधकों का वेतन और मानदेय भी अवरुद्ध कर दिया गया है।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में न जुड़ने पर एक दिन का वेतन रोका

इसके अलावा विकास खंड पंडरी कृपाल और छपिया के खंड विकास अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल नहीं हुए, जिस पर सीडीओ ने दोनों अधिकारियों का एक-एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

एक सप्ताह में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में उपायुक्त स्वतः रोजगार गोंडा, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, खंड विकास अधिकारी नवाबगंज, जनपद के सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास), जिला मिशन प्रबंधक तथा विभिन्न विकास खंडों के ब्लॉक मिशन प्रबंधक मौजूद रहे।

गोंडा में सीडीओ अंकिता जैन की इस कार्रवाई से साफ संकेत मिला है कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही अब महंगी पड़ सकती है। समय पर बैठक में शामिल न होना और कार्यों में सुस्ती दिखाना अब अधिकारियों के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top