बलरामपुर में सीएम योगी ने पाटेश्वरी माता का किया दर्शन, प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना

बलरामपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने बलरामपुर दौरे के दूसरे दिन शनिवार को वासंतिक नवरात्र की अष्टमी के अवसर पर मां पाटेश्वरी शक्ति पीठ पहुंचे। उन्होंने विधिपूर्वक दर्शन-पूजन कर पूरे उत्तर प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और शांति की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री की उपस्थिति ने मंदिर परिसर में आए श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया। दर्शन के बाद योगी आदित्यनाथ मंदिर प्रांगण में स्थित गौशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गायों को अपने हाथों से गुड़ खिलाकर गोसेवा की।

गोसेवा के बाद सीएम योगी ने मंदिर परिसर में उपस्थित बच्चों से आत्मीयता से बातचीत की और उन्हें टॉफियां व चॉकलेट बांटीं। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरते हुए मुख्यमंत्री ने सादगी और मानवीयता का एक सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।

पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रही। मंदिर क्षेत्र को पूरी तरह से पुलिस छावनी में बदल दिया गया था। किसी भी तरह की असुविधा ना हो, इसके लिए प्रशासन ने चाक-चौबंद इंतजाम किए थे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा, “नवरात्रि आत्मचिंतन, साधना और शक्ति की उपासना का पर्व है। मां दुर्गा से मेरी प्रार्थना है कि उत्तर प्रदेश के हर नागरिक का जीवन सुखमय, समृद्ध और सुरक्षित हो।”

मुख्यमंत्री के इस धार्मिक और सामाजिक दौरे ने न सिर्फ श्रद्धालुओं में उत्साह पैदा किया, बल्कि एक जननेता की सादगी और संस्कृति से जुड़ाव को भी सशक्त रूप में प्रस्तुत किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top