गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में 27,610 लीटर ग्रीन एक्स्ट्रा न्यूट्रल अल्कोहल (ENA) चोरी मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने सोमवार को गोंडा के सहायक आबकारी आयुक्त रामप्रीत चौहान को सेवा से बर्खास्त कर दिया।
चोरी हुई ENA की अनुमानित कीमत करीब 2.73 करोड़ रुपए बताई गई है। यह अल्कोहल नवाबगंज स्थित मेसर्स स्टार लाइट बुकेम लिमिटेड प्लांट से चोरी हुई थी।
दिसंबर 2024 में हुआ था निलंबन, अब बर्खास्तगी का आदेश
इस पूरे प्रकरण का संज्ञान लेते हुए मंत्री नितिन अग्रवाल ने दिसंबर 2024 में ही रामप्रीत चौहान को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए थे।
जांच की जिम्मेदारी विशेष सचिव दिव्य प्रकाश गिरी को दी गई थी, जिन्होंने बाद में इसे संयुक्त आबकारी आयुक्त आगरा को सौंपा।
जांच में रामप्रीत चौहान को दोषी पाया गया, जिसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की स्वीकृति से उन्हें सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया।
पहले खुद दर्ज कराया था मुकदमा, अब खुद बने आरोपी
10 अक्टूबर 2024 को सहायक आयुक्त रामप्रीत चौहान ने ही डिस्टलरी प्लांट मालिक और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
हालांकि, शासन स्तर की जांच में रामप्रीत चौहान की संलिप्तता खुद सामने आई।
चोरी की घटना के बाद मेसर्स स्टार लाइट बुकेम लिमिटेड डिस्टलरी का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया था और जांच के लिए प्लांट को सील किया गया।
मंत्री बोले – लापरवाही और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं
आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने बर्खास्तगी की पुष्टि करते हुए कहा –
“आबकारी विभाग में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति का सख्ती से पालन किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”



