गोंडा: श्रीराजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रताप सिंह कलवी बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर गोंडा पहुंचे। यहां उन्होंने कैसरगंज से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मुलाकात के बाद प्रताप सिंह कलवी ने मीडिया से खुलकर बात की और उन्नाव रेप केस में आजीवन कारावास की सजा काट रहे पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के समर्थन में बड़ा बयान दिया।
कलवी ने कहा, “कुलदीप सिंह सेंगर को राजनीतिक षड्यंत्र के तहत फंसाया गया और यह मामला सत्ता और विरोध की राजनीति का नतीजा है। करणी सेना इसे केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं बल्कि पूरे समाज के खिलाफ साजिश के रूप में देखती है।”
इस दौरान उन्होंने बृजभूषण शरण सिंह के साथ राजस्थान में प्रस्तावित कार्यक्रमों पर भी चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में राजस्थान में करणी सेना और बृजभूषण शरण सिंह से जुड़े कई सार्वजनिक कार्यक्रम हो सकते हैं।
करणी सेना सुप्रीमो के 4 बड़े बयान
1. नेताजी को भी इसी तरह फंसाया गया
कलवी ने इशारों में बृजभूषण शरण सिंह का उल्लेख करते हुए कहा, “हमारे नेताजी को भी लंबे समय तक इसी तरह परेशान किया गया। उन्हें बदनाम और फंसाने की कोशिश की गई, लेकिन सच सामने आया। राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता में चुनिंदा वर्ग और जाति विशेष के नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।”
2. जाति आधारित राजनीति पर तीखा हमला
उन्होंने कहा, “देश में बढ़ती जाति आधारित राजनीति दुर्भाग्यपूर्ण है। भगवान कृष्ण ने वर्ण व्यवस्था कर्म के आधार पर बनाई थी, लेकिन 1947 के बाद राजनीतिक दलों ने देश को जातियों में बांट दिया। इससे सामाजिक समरसता खत्म हो रही है।”
3. राजपूतों को दबाने की कोशिश, इसलिए बना करणी सेना
कलवी ने कहा, “राजपूत समाज को लगातार दबाया गया और झूठे मामलों में फंसाया गया। इसी अन्याय के खिलाफ करणी सेना का गठन हुआ। यह केवल राजपूत समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि हर समुदाय के साथ खड़ी है, जिसे जाति आधारित भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है।”
4. कोर्ट पर भरोसा, आंदोलन की चेतावनी
कलवी ने कहा, “हमें अदालत पर भरोसा है, लेकिन अगर न्याय नहीं मिला तो करणी सेना चुप नहीं बैठेगी। जरूरत पड़ी तो हम सड़कों पर उतरेंगे। समाज के खिलाफ हो रहे अन्याय के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।”
उन्नाव गैंगरेप केस संक्षेप में
- 4 जून 2017: पीड़िता के साथ रेप, पिता को पीटा गया, कुलदीप का भाई भी शामिल।
- 8 अप्रैल 2018: पीड़िता ने CM आवास के सामने आत्मदाह की कोशिश की, पिता की पुलिस कस्टडी में मौत।
- केस CBI को ट्रांसफर, कुलदीप सेंगर और अन्य आरोपी जेल में।
- 28 जुलाई 2019: पीड़िता की मौसी और चाची की ट्रक से मौत, सेंगर के खिलाफ साजिश मामले दर्ज।
- 21 दिसंबर 2019: दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने सेंगर को दोषी कर उम्रकैद की सजा सुनाई।
गोंडा दौरे के दौरान करणी सेना के अध्यक्ष ने उन्नाव रेप केस में सेंगर के समर्थन में खुलकर बयान दिया और राजनीतिक षड्यंत्र के आरोप लगाए। बृजभूषण शरण सिंह से मुलाकात के बाद राजस्थान में संभावित कार्यक्रमों के संकेत भी दिए। यह घटनाक्रम राजपूत समाज और राजनीतिक दलों के बीच संवेदनशील बहस का विषय बना हुआ है।



