गोंडा में रहस्यमयी मौत: I.O.W कार्यालय के सामने नाले में मिला 30 वर्षीय युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित आई.ओ.डब्लू. कार्यालय के सामने बने नाले में एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक के शव को नाले से बाहर निकलवाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की जानकारी मिलते ही सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षु) प्रदीप कुमार, सीओ सिटी आनंद राय और नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की गहन जांच के निर्देश दिए।

पहचान बनी बड़ी चुनौती

फिलहाल मृतक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है। साथ ही नगर कोतवाली और सेमरा चौकी पुलिस सोशल मीडिया के माध्यम से भी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष प्रतीत हो रही है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। प्रारंभिक तौर पर किसी भी कारण से इनकार नहीं किया जा सकता है।

पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

आई.ओ.डब्लू. कार्यालय जैसे संवेदनशील स्थान के सामने नाले में युवक का शव मिलना कई सवाल खड़े करता है। यह हत्या, हादसा या किसी अन्य कारण से हुई मौत, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही होगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है और मृतक की पहचान को प्राथमिकता दी जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top