गोंडा। गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र के मझौरा ग्राम पंचायत में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव दिग्विजय सिंह के तिलक समारोह में मशहूर फिल्म अभिनेता गोविंदा पहुंचे। यहां कार्यक्रम में सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया।
गोविंदा का मंच से संबोधन: कार्यक्रम में गोविंदा ने भक्ति गीतों से अपनी प्रस्तुति की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने अपनी फिल्मों के मशहूर डायलॉग और गाने पेश किए। मंच से संबोधित करते हुए गोविंदा ने कहा कि उन्हें राजनीतिक दलों से कोई लेना-देना नहीं है। “ये ठाकुर हैं, यही काफी है।”

भव्य सुरक्षा और भीड़: गोविंदा को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग बिना निमंत्रण के भी पहुंच गए। सुरक्षा की दृष्टि से व्यापक इंतजाम किए गए थे। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया।
मां के फिल्मी सफर को किया याद: गोविंदा ने अपनी मां निर्मला देवी के फिल्मी सफर को याद किया। उन्होंने बताया कि उनकी मां ने 14 साल की उम्र में फिल्म लाइन में प्रवेश किया और शारदा का किरदार निभाया। गोविंदा ने बताया कि उनकी मां ने सिर्फ 9 फिल्में कीं, लेकिन उनका आशीर्वाद हमेशा उनके साथ रहा।

राम मंदिर और बाबा विश्वनाथ का जिक्र: अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर का जिक्र करते हुए गोविंदा ने कहा कि भगवान राम का आशीर्वाद हमेशा कलाकारों के साथ रहा है। उन्होंने कहा कि जो विश्व विख्यात हुए हैं, उन पर बाबा विश्वनाथ और प्रभु राम का आशीर्वाद सदैव बना रहता है।



