गोंडा (उत्तर प्रदेश)। गोंडा जिले में मंगल देव हत्याकांड के विरोध में 11 अक्टूबर को हुए गोंडा-बलरामपुर हाईवे जाम मामले में इटियाथोक पुलिस ने 9 नामजद और 60-70 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसमें सिराथू विधायक पल्लवी पटेल का नाम शामिल नहीं है, हालांकि उन्होंने अपने समर्थकों के साथ प्रदर्शन का नेतृत्व किया था।
पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर को लगभग तीन घंटे तक हाईवे जाम रहा, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं।
प्रदर्शन और FIR की जानकारी
प्रदर्शन का नेतृत्व सिराथू विधायक पल्लवी पटेल ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ किया था। हालांकि, एफआईआर में उनका नाम नहीं है, जिससे स्थानीय लोगों में सवाल खड़े हो रहे हैं।
भवानीपुर खुर्द चौकी इंचार्ज सुरेंद्र कुमार की लिखित तहरीर पर इटियाथोक कोतवाली में अशोक यादव, लक्ष्मण उर्फ पंडित सोनकर, राम चंदर वर्मा, त्रिलोकी, संतोष, लल्लू, श्रीपाल, छोटकऊ और राजू पंडित के खिलाफ शांतिभंग सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया। इसके अलावा 15 अज्ञात वाहन चालकों और 60-70 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया।
मुकदमा 12 अक्टूबर को दर्ज हुआ था, और इसकी जानकारी न्यायालय से कॉपी मिलने के बाद लोगों को हुई।
हाईवे जाम का घटनाक्रम
सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने तय कार्यक्रम के अनुसार 11 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे अपने समर्थकों के साथ भवानीपुर खुर्द गांव के मजरा बन्धुकपुरवा पहुंचकर मृत किशोर मंगल देव के परिवार से मुलाकात की थी।
प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारी की मौजूदगी न होने पर पल्लवी पटेल नाराज हो गईं, और उन्होंने पीड़ित परिवार तथा समर्थकों के साथ मिलकर नेशनल हाईवे गोंडा-बलरामपुर गांधी चबूतरा के पास लगभग 3 घंटे तक चक्काजाम किया।
हाईवे जाम के दौरान प्रशासन के खिलाफ भारी नारेबाजी हुई और लंबे समय तक दोनों तरफ वाहनों की कतारें लगी रहीं। अंततः प्रशासन ने आश्वासन देकर धरना प्रदर्शन को समाप्त कराया।

