गोंडा: से बीजेपी सांसद व विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह (राजा भैया) ने दिल्ली ब्लास्ट मामले में बड़ा और सख्त बयान दिया है। बभनजोत बाजार में सेल्फी पॉइंट के उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा कि देश के दुश्मन किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे और सरकार घटना की तह तक जाएगी।
“दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा, छह लोग पकड़े जा चुके हैं”
मंत्री ने बताया कि दिल्ली ब्लास्ट से जुड़े मामले में अब तक छह लोगों को हिरासत में लिया गया है और जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा—
“जो भी दोषी है, वह बच नहीं पाएगा। सरकार इस पूरी घटना को उजागर करेगी और सभी अपराधियों को पकड़कर उनका चेहरा बेनकाब किया जाएगा।”
जैश-ए-मोहम्मद और फंडिंग पर बोले— जांच पूरी होने पर ही तस्वीर साफ होगी
जब उनसे जैश-ए-मोहम्मद का नाम सामने आने और फंडिंग की बात पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा—
“अभी जांच चल रही है, इसलिए कोई बयान देना जल्दबाजी होगी। जांच पूरी होने पर हर चीज सामने आ जाएगी और भारत उसी के अनुसार कड़ी कार्रवाई करेगा।”
RDX पकड़े जाने पर बोले— यह सुरक्षा एजेंसियों की सफलता
दिल्ली ब्लास्ट के बाद बड़ी मात्रा में RDX पकड़े जाने पर कीर्तिवर्धन सिंह ने सुरक्षा एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा—
“यह एजेंसियों की विफलता नहीं, बल्कि सफलता है कि वर्षों से छिपा RDX अब बरामद हुआ है। इससे पता चलता है कि हमारी एजेंसियां मजबूत तरीके से काम कर रही हैं।”
उन्होंने ड्रग्स बरामदगी और सीमा पर आतंकी घुसपैठ पर रोक को भी एजेंसियों की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
“बहुत जल्द असली चेहरे सामने होंगे”
राजा भैया ने विश्वास जताया कि—
“बहुत जल्द इस घटना में शामिल सभी लोगों के चेहरे बेनकाब होंगे। जो भी भारत का दुश्मन है, वह बख्शा नहीं जाएगा।”
बिहार राजनीति पर बोले— जनता के हित में होगा फैसला
बिहार के मुख्यमंत्री को लेकर पूछे गए सवाल पर विदेश राज्यमंत्री ने कहा—
“हमारे गठबंधन में एक व्यवस्था है। बिहार के लिए जो सर्वश्रेष्ठ होगा और जनता के हित में जो सबसे अच्छा फैसला होगा, भाजपा वही कदम उठाएगी।”
लालू यादव की बेटी पर हुई मारपीट की घटना पर दुख व्यक्त
लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के साथ हुई मारपीट के संबंध में उन्होंने कहा—
“यह किसी भी परिवार के लिए अत्यंत दुखद घटना है। ऐसी घटनाएं समाज और देश को कमजोर करती हैं। मेरी संवेदना पीड़ित परिवार के साथ है।”



