गोंडा। गोंडा जिले में रविवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। यह हादसा नवाबगंज थाना क्षेत्र के गोंडा-अयोध्या मार्ग पर स्थित नंदिनी नगर महाविद्यालय के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित डीसीएम ने बाइक सवार महिला को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतक महिला की पहचान 55 वर्षीय रकेश देवी, पत्नी जगतनारायण पांडेय, निवासी करनीपुर गांव, वजीरगंज थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, रकेश देवी अपनी बहन के बेटे प्रदीप दूबे (निवासी खड़ौआ गांव) के साथ बाइक से अयोध्या दवा कराने जा रही थीं।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर लगभग 3:30 बजे, नंदिनी नगर महाविद्यालय से आगे बालापुर गांव के निकट पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर लगते ही रकेश देवी सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
दुर्घटना के बाद डीसीएम चालक फरार
हादसे के तुरंत बाद डीसीएम चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सरयू घाट चौकी पुलिस सक्रिय हुई और कुछ ही देर में कटरा शिवदयालगंज तिराहे के पास डीसीएम को पकड़ लिया।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की कार्रवाई
प्रभारी थानाध्यक्ष विश्वास चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि मृतका के परिजनों की ओर से तहरीर मिलते ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
स्थानीय लोगों में हादसे को लेकर रोष दिखाई दिया और उन्होंने सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।



