BAMS छात्रा सुसाइड केस में प्रेमी पर FIR: हुक्का बार जाने और फोन न उठाने से नाराज होकर छात्रा ने दी जान

गोंडा: जिले में BAMS छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने के संवेदनशील मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। मृतका के पिता ने नगर कोतवाली में आरोपी प्रेमी तहसीन रजा खान के खिलाफ प्रताड़ना, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच एससीपीएम चौकी प्रभारी वैभव सिंह को सौंपी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी छात्रा के सुसाइड की पुष्टि हो चुकी थी, जिसके बाद पिता ने देर शाम तहरीर देकर FIR दर्ज कराई।


हुक्का बार जाने से रोकने पर दोनों में विवाद हुआ था

जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी तहसीन रजा खान अक्सर हुक्का बार में जाकर हुक्का पीता था। उसकी तस्वीरें और वीडियो मृतका के पास पहुंचने के बाद छात्रा ने कई बार उसे ऐसा न करने की हिदायत दी थी।

लेकिन सोमवार को भी वह हुक्का बार पहुंच गया। जब छात्रा को शक हुआ, उसने बार-बार फोन और वीडियो कॉल किया, लेकिन आरोपी ने फोन नहीं उठाया। इससे छात्रा मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई।


घर लौटकर प्रेमी ने की थी चार बार व्हाट्सऐप कॉल

फोन न उठाने से उत्पन्न शक के चलते आरोपी अपने घर भागकर पहुंच गया ताकि छात्रा को पता न चले कि वह फिर हुक्का पीने गया था। घर पहुंचकर उसने मृतका को चार बार व्हाट्सऐप कॉल किया, पर छात्रा ने कॉल नहीं उठाया।

कुछ देर बाद सूचना आई कि छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में खिड़की से लटककर सुसाइड कर लिया है। यह सुनकर प्रेमी भी घबरा गया।


6 सालों का प्रेम संबंध, शादी की भी थी तैयारी

सूत्रों के अनुसार मृतका और आरोपी तहसीन रजा करीब छह सालों से एक-दूसरे से प्यार करते थे। दोनों एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे और प्रतिदिन बातचीत होती थी।

मृतका मेडिकल की पढ़ाई कर रही थी, इसलिए आरोपी ने भी अपने प्रेम और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए बाराबंकी के एक नर्सिंग कॉलेज में एडमिशन ले लिया था। परिवार की सहमति न होने पर भी दोनों ने नौकरी लगने के बाद शादी करने का प्लान बनाया था।


पिता करते थे रिश्ते का विरोध, बेटी को गोंडा हॉस्टल भेजा

मृतका के पिता इस रिश्ते से सहमत नहीं थे। इसलिए उन्होंने बेटी को गोंडा के एससीपीएम नर्सिंग कॉलेज में एडमिशन दिलाकर हॉस्टल में रहने भेज दिया था, ताकि वह प्रेमी से दूर रहे।

लेकिन दोनों के बीच का रिश्ता मजबूत था और वे लगातार बातचीत करते रहे। पिता ने कई बार विरोध भी किया, लेकिन छात्रा नहीं मानी।


पिता ने प्रेमी पर लगाए गंभीर आरोप

पिता द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया है कि आरोपी तहसीन रजा खान:

  • मोबाइल पर लगातार उनकी बेटी को प्रताड़ित करता था

  • अश्लील बातें करता था

  • धमकी देता था कि उसके पास वीडियो है

  • और कहा करता था कि माता-पिता को बताया तो वीडियो वायरल कर देगा

इन्हीं धमकियों और मानसिक दबाव के कारण उनकी बेटी ने आत्महत्या की।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।


पुलिस अधीक्षक बोले— जांच जारी

गोंडा के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर FIR दर्ज कर ली गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सुसाइड की पुष्टि हो चुकी है।

SP ने कहा कि

“दोनों के बीच छह साल से संबंध थे। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top