लखनऊ: राजधानी के लोकभवन सभागार में शुक्रवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य शिक्षक पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेसिक और माध्यमिक शिक्षा के 81 शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया। इनमें 66 शिक्षक बेसिक शिक्षा और 15 शिक्षक माध्यमिक शिक्षा विभाग से थे।
मुख्यमंत्री ने सम्मानित शिक्षकों को 25 हजार रुपए की धनराशि, प्रशस्ति पत्र, मां सरस्वती की प्रतिमा और शाल प्रदान कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की।
‘उद्गम’ डिजिटल प्लेटफॉर्म और पुस्तकों का विमोचन
समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एससीईआरटी की ओर से तैयार बाल कहानी संग्रह ‘गुल्लक’, ‘बाल वाटिका’ हस्त पुस्तिका, और शिक्षकों के नवाचारों पर आधारित पुस्तिका ‘उद्गम’ का विमोचन किया। साथ ही ‘उद्गम’ के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी शुभारंभ किया गया।
‘गुल्लक’ विद्यार्थियों में ज्ञान, नैतिक और मानवीय मूल्यों को सरल और रोचक तरीके से विकसित करने में मदद करेगी, जबकि ‘उद्गम’ में प्रदेशभर के विद्यालयों में किए जा रहे नवाचारों को स्थान दिया गया है।
टैबलेट और स्मार्ट क्लास की सौगात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 2204 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को टैबलेट वितरित किए। मंच से चयनित 5 प्रधानाचार्यों को यह टैबलेट स्वयं सीएम ने भेंट किया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 1236 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में स्थापित स्मार्ट क्लास का लोकार्पण किया और पांच विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को इसका प्रमाण पत्र भी सौंपा।
बेसिक और माध्यमिक शिक्षा के सम्मानित शिक्षक
बेसिक शिक्षा से सम्मानित शिक्षक:
-
संतोष कुमार सिंह (भदोही)
-
रेनू सिंह (मेरठ)
-
मोहिनी श्रीवास्तव (लखीमपुर खीरी)
-
डॉ. रीना मिश्रा (प्रयागराज)
-
प्रमोद कुमार सिंह (गोरखपुर)
माध्यमिक शिक्षा से सम्मानित शिक्षक:
-
रामप्रकाश गुप्त (हमीरपुर)
-
कोमल त्यागी (गाजियाबाद)
-
चमन जहां (बरेली)
-
जंगबहादुर (जौनपुर)
-
डॉ. वीरेन्द्र कुमार पटेल (गोरखपुर)
मंत्रीगण के विचार
बॉक्स 1
गुणवत्तापूर्ण कंटेंट से बच्चों को समान शिक्षा मिल रही
बेसिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि सरकार स्मार्ट क्लास, आधुनिक पद्धति और गुणवत्तापूर्ण कंटेंट के जरिए बच्चों को समान और बेहतर शिक्षा दे रही है। खासकर बालिकाओं को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्रदान करने पर सरकार का जोर है।
बॉक्स 2
शिक्षक विद्यार्थी को विद्वान बनाता है और गुरु विद्यार्थी को महान
माध्यमिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने कहा कि योगी सरकार ने नकल माफिया पर पूरी तरह अंकुश लगाया है। अब नकल माफिया पकड़े जाने पर एक करोड़ रुपए का जुर्माना और आजीवन कारावास का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि शिक्षक सिर्फ विद्वान ही नहीं, बल्कि समाज और बच्चों के लिए आदर्श होते हैं।
समारोह में शामिल प्रमुख हस्तियां
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ-साथ माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, प्रभारी मुख्य सचिव दीपक कुमार, महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा और प्रदेशभर से आए शिक्षक उपस्थित रहे।








