बर्थडे पर बृजभूषण का शक्ति प्रदर्शन: लंदन से आया ढाई करोड़ का घोड़ा, 5 लाख लोगों के लिए महाभंडारा

गोंडा: पूर्व भाजपा सांसद और कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने अपने 69वें जन्मदिन को एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में मनाया। यह पहला मौका है जब बृजभूषण ने अपने जन्मदिन को इतने भव्य स्तर पर सार्वजनिक रूप से आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान उन्हें देश-विदेश से आए समर्थकों और शुभचिंतकों ने महंगे और प्रतीकात्मक उपहार भेंट किए।

इस मौके पर सबसे ज्यादा चर्चा में रहा लंदन से मंगाया गया ढाई करोड़ रुपए कीमत का घोड़ा, जिसे हरियाणा निवासी रवि सिंह चौहान और उनकी पत्नी संगीता ने बृजभूषण को उपहार में दिया। घोड़े को मंच तक लाया गया, जहां मौजूद लोगों की भारी भीड़ ने इसे देखा।


जैकेट, सोने की चेन और संतों का आशीर्वाद

हरियाणा से आई एक युवती और उसके भाई ने मंच पर बृजभूषण को जैकेट पहनाई। इस पर बृजभूषण ने मुस्कराते हुए कहा कि उन्हें ठंड लग रही थी और माता के आशीर्वाद से जैकेट मिल गई।
हरियाणा की ही तलवारबाज आराधना सोलंकी ने उन्हें सोने की चेन पहनाई।

अयोध्या से आए करीब 2000 आचार्यों, स्कूल के छात्र-छात्राओं और साधु-संतों ने नंदिनी मंदिर में पहुंचकर बृजभूषण को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।


100 गाड़ियों का काफिला, बुलडोजर से फूलों की बारिश

इससे पहले बृजभूषण शरण सिंह 100 गाड़ियों के काफिले के साथ अपने आवास से गोंडा के नंदिनी निकेतन स्थित राष्ट्र कथा स्थल पहुंचे। वह पूरी दूरी खुली गाड़ी में हाथ हिलाते हुए चलते रहे। करीब 10 किलोमीटर लंबे रास्ते में जगह-जगह स्वागत किया गया और कई स्थानों पर बुलडोजर से फूल बरसाए गए।


मंदिर में पूजा, गोमाता का आशीर्वाद

राष्ट्र कथा स्थल पहुंचने से पहले बृजभूषण ने नंदिनी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने मंदिर के द्वार पर दंडवत प्रणाम किया, गोमाता का आशीर्वाद लिया और भगवान को चढ़े प्रसाद को परंपरागत तरीके से ग्रहण किया।

मंच पर पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि मंच पर केवल साधु-संत रहेंगे, भगवान भी आएं तो उन्हें रोक दिया जाए।


5 लाख लोगों के लिए महाभंडारा

बृजभूषण शरण सिंह अपने जन्मदिन पर करीब 5 लाख लोगों को भोजन करवा रहे हैं। इसके लिए राष्ट्र कथा महोत्सव मंच के पास 15 बीघा क्षेत्र में विशाल पंडाल लगाया गया है।
करीब 1200 लोग भोजन बनाने में जुटे हैं।

भंडारे के मेन्यू में शामिल है—
चावल, उड़द और बथुआ की सगपहिता, पत्ता गोभी की सब्जी, आलू-मटर, शुद्ध सरसों के तेल और घी में बना छोला।


1 से 8 जनवरी तक चला ‘राष्ट्र कथा’ आयोजन

बृजभूषण शरण सिंह ने अपने जन्मदिन के अवसर पर 1 से 8 जनवरी तक ‘राष्ट्र कथा’ का आयोजन कराया। इसका उद्घाटन 42 महंतों ने किया था। आज उनके जन्मदिन के साथ ही इस धार्मिक आयोजन का समापन भी हुआ।

कार्यक्रम के दौरान एक पहलवान ने मंच पर हाथ और सिर से नारियल फोड़कर लोगों को हैरान कर दिया।

बृजभूषण शरण सिंह का 69वां जन्मदिन गोंडा में आस्था, शक्ति और समर्थकों की भीड़ का प्रतीक बन गया। ढाई करोड़ के घोड़े से लेकर लाखों लोगों के भंडारे तक, यह आयोजन उनके राजनीतिक और सामाजिक प्रभाव को दर्शाता है। यह साफ है कि बृजभूषण अब भी क्षेत्रीय राजनीति और समर्थकों के बीच मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top