गोंडा। जिले में किसानों को यूरिया खाद की कमी से हो रही परेशानी को लेकर गोंडा के दो भाजपा विधायकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। मंगलवार देर शाम मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस मुलाकात में तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय और गौरा विधायक प्रभात कुमार वर्मा मौजूद रहे।
विधायकों ने सीएम योगी को बताया कि खरीफ सीजन के चलते जिले में किसान धान की रोपाई और अन्य फसलों के लिए यूरिया की मांग कर रहे हैं, लेकिन कई ब्लॉकों और सहकारी समितियों पर यूरिया उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इससे किसान काफी परेशान हैं और फसल बुवाई प्रभावित हो रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तुरंत अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद की किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। सीएम ने संबंधित विभाग को सख्त आदेश दिया कि यूरिया की आपूर्ति समय पर और पर्याप्त मात्रा में हो, ताकि किसानों को खेतों में किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
सीएम योगी ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और उनकी जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। वहीं, विधायकों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि किसानों तक यह संदेश पहुँचाना बेहद जरूरी था कि सरकार उनके साथ खड़ी है।
गोंडा जिले के किसानों के बीच मुख्यमंत्री योगी की इस आश्वासन से राहत की लहर दौड़ गई है। कृषि कार्य में जुटे किसानों को उम्मीद है कि जल्द ही यूरिया खाद की उपलब्धता सामान्य हो जाएगी।



