खंडवा: दुर्गा विसर्जन के दौरान मातम में बदली खुशियां
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पंधाना के जामली गांव में गुरुवार शाम प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में पलट गई, जिससे 8 बच्चियों समेत 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की उम्र 9 साल से लेकर 25 साल तक बताई जा रही है। वहीं, तीन गंभीर घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
कैसे हुआ हादसा?
गुरुवार शाम करीब साढ़े 3 बजे राजगढ़ गांव से ग्रामीण देवी प्रतिमा लेकर अर्दला तालाब पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि तालाब किनारे पुरानी पुलिया से ट्रैक्टर पानी में उतारा गया और अचानक पलट गया। 35 से 40 लोग ट्रॉली में सवार थे, जिनमें से कई लोग पानी में डूब गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तालाब में करीब 50 फीट गहराई थी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों और युवाओं ने तालाब में कूदकर 9 लोगों को बाहर निकाला। कुछ लोग तैरकर किनारे आ गए, जबकि कई लोग ट्रॉली और प्रतिमा के नीचे दब गए।
प्रशासन और रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा। शाम 5 बजे के बाद से एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीमों ने रेस्क्यू शुरू किया। जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को तालाब से बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन रात 9 बजे तक चला और अंतिम शव चंदा नाम की बच्ची का बरामद हुआ। शवों को पंधाना सिविल अस्पताल लाया गया, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
मृतकों की सूची
-
आयुष पिता भारत (9)
-
रेवसिंह पिता मुंशी सिंह (13)
-
दिनेश पिता शांतिलाल (13)
-
शर्मिला पिता प्यार सिंह (15)
-
संगीता पिता ज्ञान सिंह (16)
-
किरण पिता रेमसिंह (16)
-
उर्मिला पिता रेलसिंह (16)
-
गणेश पिता तेरसिंह (20)
-
पाटली पिता कैलाश (25)
-
आरती पिता प्यार सिंह
-
चंदा
गंभीर रूप से घायल
-
सोनू पिता थावर सिंह (16)
-
सोनू पिता रिशू (18)
-
मंजुला पिता मांगीलाल (17)
डॉक्टरों के मुताबिक तीनों के फेफड़ों में पानी भर गया है और उन्हें 48 घंटे तक आईसीयू में निगरानी में रखा जाएगा।
चश्मदीदों ने बताया…
प्रत्यक्षदर्शी जालम सिंह ने कहा कि ड्राइवर को तालाब की गहराई का अंदाजा नहीं था। ट्रॉली में लगे जाली के कारण लोग बाहर नहीं निकल पाए। अगर फंसते नहीं तो उनकी जान बच सकती थी।
प्रशासन और सरकार की प्रतिक्रिया
खंडवा कलेक्टर ऋषभ गुप्ता ने बताया कि ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही की और तालाब में ट्रॉली उतार दी। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

