गोंडा | बीएलओ विपिन यादव की संदिग्ध आत्महत्या के बाद यूपी में राजनीति गर्मा गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, और आप सांसद संजय सिंह सहित कई विपक्षी नेताओं ने इस घटना को लेकर भाजपा सरकार और भारत निर्वाचन आयोग (ECI) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राहुल गांधी ने कहा कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि प्रशासनिक दबाव और राजनीतिक हस्तक्षेप का नतीजा है।
राहुल गांधी: “OBC वोटरों के नाम काटो, वरना नौकरी जाएगी”
राहुल गांधी ने गुरुवार को अपने ‘X’ अकाउंट पर लिखा:
“ओबीसी वोटरों के नाम काटो वरना नौकरी चली जाएगी। दबाव, धमकी और नतीजा? आखिर में आत्महत्या। BJP ‘सर’ के नाम पर पिछड़े, दलित, वंचित और गरीब वोटरों को लिस्ट से हटाकर मनमाफिक वोटर लिस्ट तैयार कर रही है।”
राहुल ने आगे लिखा:
“लोकतंत्र की हत्या का जिम्मेदार है ECI (भारत निर्वाचन आयोग)।”
उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर भी वोटरों के नाम काटने की साजिश का आरोप लगाया।
अजय राय ने कहा—“यह हत्या है, आत्महत्या नहीं”
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी मामले पर कड़ा बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि विपिन यादव ने मरने से पहले साफ कहा था कि:
-
SDM
-
BDO
-
लेखपाल
उन्हें ओबीसी वोटरों के नाम काटने का दबाव दे रहे थे।
अजय राय ने मांग की:
-
जिन अधिकारियों का नाम आया है, उनके खिलाफ हत्या (302 IPC) का केस दर्ज हो
-
बीएलओ कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बीएलओ पर असहनीय दबाव डालकर गलत तरीके से काम करवाया जा रहा है।
कांग्रेस का आरोप: “OBC–दलित वोट काटकर BJP बना रही अपनी मनपसंद लिस्ट”
कांग्रेस पार्टी ने भी अपने ‘X’ पोस्ट में लिखा:
“विपिन यादव से कहा गया—‘OBC वोटरों के नाम काटो, नहीं तो नौकरी खत्म’। जब उन्होंने मना किया तो उन्हें पुलिस से उठवाने की धमकी दी गई।”
कांग्रेस का आरोप है कि SIR सिस्टम का इस्तेमाल कर:
-
पिछड़े
-
दलित
-
वंचित
-
विपक्ष समर्थित
वोटरों के नाम कटवाए जा रहे हैं ताकि BJP का वोट बैंक मजबूत हो सके।
अखिलेश यादव का आरोप: “भाजपा और ECI गलत तरीके से वोट काट रहे”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा:
“लोगों की लगातार आत्महत्याएं BJP और ECI के दबाव का नतीजा हैं। भारी संख्या में वोट काटे जा रहे हैं, इसी के लिए कर्मचारियों पर गलत तरीके से दबाव बनाया जा रहा है।”
अखिलेश ने कहा कि यह स्थिति लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक है।
AAP सांसद संजय सिंह ने भी लगाया बड़ा आरोप
आप सांसद संजय सिंह ने कहा:
“बिहार में सरकार ने बड़े पैमाने पर वोट चोरी की। अब यूपी में भी वही मॉडल लागू किया जा रहा है। जो कर्मचारी इनकार करते हैं, उन पर दबाव डाला जा रहा है।”
संजय सिंह ने कहा कि पूरी आम आदमी पार्टी विपिन यादव के परिवार के साथ खड़ी है।



