अलावल देवरिया में साइबर अपराध पर जागरूकता गोष्ठी, अधिवक्ता ने बताए बचाव के उपाय

गोंडा: धानेपुर थाना क्षेत्र के अलावल देवरिया कस्बे में रविवार को साइबर अपराध नियंत्रण और नागरिक कर्तव्यों को लेकर एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता उच्च न्यायालय के अधिवक्ता गणेश नाथ मिश्र ने ग्रामीणों को साइबर ठगी के बढ़ते मामलों और उनसे बचाव के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए गणेश नाथ मिश्र ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी लगातार नए-नए हथकंडे अपनाकर आम नागरिकों को ठगने का प्रयास कर रहे हैं। ये अपराधी खुद को बैंक अधिकारी, सरकारी कर्मचारी या कंपनी प्रतिनिधि बताकर फोन कॉल, मैसेज और लिंक के माध्यम से लोगों को जाल में फंसाते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनजागरूकता ही साइबर अपराध रोकने का सबसे प्रभावी साधन है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, बैंक खाता विवरण, एटीएम पिन, आधार संख्या या कोई भी गोपनीय जानकारी कभी साझा न करें। उन्होंने बताया कि “लॉटरी लगने”, “आवास स्वीकृत होने”, “बैंक केवाईसी अपडेट” और “बिजली बिल माफी” जैसी आकर्षक बातों के नाम पर जानकारी मांगना साइबर ठगों की सबसे आम चाल है।

अधिवक्ता ने ग्रामीणों को यह भी बताया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। साथ ही उन्होंने 1090, 1076, 1098, 102 और 108 जैसे जरूरी सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी, ताकि आपात स्थिति में नागरिक समय पर सहायता ले सकें।

कार्यक्रम में एलबीएस डिग्री कॉलेज के पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर शैलेंद्र नाथ मिश्र ने भी लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जैसे संविधान ने नागरिकों को मौलिक अधिकार दिए हैं, वैसे ही मौलिक कर्तव्यों का पालन करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने, एसआईआर में आवेदन करने और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक रहने को सभी का दायित्व बताया।

उन्होंने मुख्यमंत्री बिजली राहत योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इस योजना के तहत सरचार्ज पूरी तरह माफ है और मूल बकाया राशि में 25 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से पंजीकरण कराने की अपील की, ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ ले सकें।

गोष्ठी में मोबाइल फोन की सुरक्षा, फर्जी कॉल और मैसेज की पहचान, सुरक्षित पासवर्ड का उपयोग और साइबर फ्रॉड से बचाव के तरीकों को उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया। ग्रामीणों ने इस दौरान सड़क दुर्घटनाओं और जर्जर सड़कों की समस्याएं भी सामने रखीं। इस पर गणेश नाथ मिश्र ने बताया कि इन समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों और आयुक्त को पत्र भेजा जा चुका है और अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पदयात्रा के माध्यम से जनसमस्याओं को उठाया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top