गोंडा: गोंडा जिले की नगर कोतवाली पुलिस ने जमीनी विवाद से जुड़े एक सनसनीखेज मामले में भूमाफिया अंकुर अग्रवाल और उसके साथी अब्दुल हमीद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों पर निर्माणाधीन दीवार गिराने के विवाद में जानलेवा हमला करने और फायरिंग करने का गंभीर आरोप है। पुलिस फिलहाल घटना में शामिल 12 अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है।
यह घटना बीते 5 दिसंबर की देर शाम इटियाथोक थाना क्षेत्र के बूढ़ादेवर गांव में हुई थी। पीड़ित अंकित जायसवाल, निवासी इटियाथोक, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी जमीन पर बन रही दीवार को अंकुर अग्रवाल द्वारा जबरन गिराया जा रहा था। जब वे घटनास्थल पर पहुंचे और विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
घटना के बाद किसी तरह जान बचाकर अंकित जायसवाल नगर कोतवाली पहुंचे, जहां उनकी तहरीर के आधार पर अंकुर अग्रवाल, अब्दुल हमीद और 12 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 48 घंटे के भीतर मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए नगर कोतवाल विवेक त्रिवेदी ने बताया कि जमीनी विवाद को लेकर हुई इस वारदात में तुरंत केस दर्ज किया गया और आरोपियों को तेज़ी से पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि फरार अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के अनुसार, भूमाफिया अंकुर अग्रवाल के खिलाफ पहले से ही नगर कोतवाली समेत जिले के कई थानों में जमीन घोटाले और फर्जीवाड़े से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनकी जांच भी अलग से की जा रही है।



