गोंडा: जिले में देर रात बकाया रुपये मांगना एक फल विक्रेता के लिए जानलेवा साबित हो गया। नगर कोतवाली क्षेत्र के महारानीगंज निवासी अरबाज नामक युवक पर आरोपी अहमद ने चाकू से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना कैसे हुई
मामला शनिवार रात का है। जानकारी के मुताबिक, अरबाज ने सुबह करीब 11 बजे अहमद को 15 कैरेट केले बेचे थे, जिसकी कीमत लगभग 15,000 रुपये थी। देर रात जब अहमद केले बेचकर घर लौट रहा था, तो अरबाज ने उससे बकाया पैसे की मांग की।
पैसे की मांग पर पहले तो अहमद ने सुबह देने की बात कही, लेकिन अरबाज ने तुरंत भुगतान पर जोर दिया क्योंकि उसे अगली सुबह बाजार के लिए पैसे चाहिए थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपी अहमद ने गाली-गलौज करते हुए अपने ठेले पर रखा चाकू उठाया और अरबाज के सीने पर कई वार कर दिए।
हालत गंभीर, लखनऊ रेफर
हमले के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह अरबाज को बचाया और उसके परिजनों को सूचना दी। उसे आनन-फानन में गोंडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने नगर कोतवाली में आरोपी अहमद के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर कोतवाल विवेक त्रिवेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी अहमद की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
इलाके में दहशत
इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

