अनभुला मोड़ सड़क हादसा: कार का दाहिना टायर फटने से रोडवेज बस से टक्कर, तीन की मौत

गोंडा। जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत अनभुला मोड़ के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे को लेकर जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दूल्हे नितिन की ब्रेजा कार का दाहिना टायर ओवरटेक करते समय अचानक फट गया था, जिससे वाहन संतुलन खो बैठा और सामने से आ रही रोडवेज बस से जा टकराया।

हादसे में कार सवार छह लोगों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। राहत की बात यह रही कि कार में सीट बेल्ट लगे होने और एयरबैग खुलने की वजह से दूल्हा नितिन, उनकी बहन नेहा अग्रवाल और तीन वर्षीय आन्या अग्रवाल की जान बच सकी।

दुर्घटना में आगे की सीट पर बैठे दूल्हे के जीजा अक्षत अग्रवाल, पीछे बैठे मौसी के बेटे आंसू अग्रवाल और दूल्हे के जीजा की मां नीता अग्रवाल को गंभीर चोटें आई थीं। तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पूरे परिवार में मातम का माहौल है।

वजीरगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि हादसा दाहिना टायर फटने के कारण हुआ है। फिलहाल ब्रेजा कार और उत्तराखंड डिपो की रोडवेज बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

अधिकारियों का कहना है कि हादसे के दौरान वाहन की गति, सड़क की स्थिति और तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और जिम्मेदारी किसकी बनती है।

फिलहाल घायल नितिन गुप्ता और उनकी बहन नेहा अग्रवाल का इलाज लखनऊ के एक अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।


अनभुला मोड़ पर हुआ यह हादसा तेज रफ्तार और तकनीकी खराबी का दुखद परिणाम बताया जा रहा है। जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top