गोंडा। जिले के परसपुर थाना क्षेत्र के भौरीगंज गांव में शनिवार देर शाम दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडों से मारपीट हो गई। यह विवाद कथित रूप से आपसी कहासुनी और जमीनी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सलमान-शकील गुट के लोग, महिलाओं सहित, वीरेंद्र सोनी गुट के लोगों पर लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में महिलाएं भी मारपीट में शामिल
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सलमान और शकील पक्ष के लोग अपने घर की महिलाओं के साथ मिलकर वीरेंद्र सोनी पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला कर रहे हैं। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने मामले को और गंभीर बना दिया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान पहले गाली-गलौज हुई, जिसके विरोध पर मारपीट शुरू हुई।
दो लोग घायल, नौ आरोपी गिरफ्तार
इस मारपीट में वीरेंद्र सोनी पक्ष के दो लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर में कराया गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सलमान, शकील, शहर बानो, समीरुन निशा, चुन्नी, साजिदा, निशा, साबिरा और फातिमा—कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
वीडियो और तहरीर के आधार पर दर्ज हुआ मुकदमा
परसपुर थाना अध्यक्ष अनुज त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है।
पुलिस टीम कर रही जांच, गांव में शांति बरकरार
मामले की जांच वरिष्ठ उप निरीक्षक अमित सिंह, कॉन्स्टेबल अखिलेश यादव, महिला कांस्टेबल नीतू सिंह और कंचन सिंह की टीम कर रही है। पुलिस ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी तरह की नई अस्थिरता की आशंका नहीं है।

